गाजीपुर : चीनी मिल चालू कराने सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को किसान सभा के तेवर में कमी नहीं आई। सरजू पांडेय पार्क में चल रहे क्रमिक आमरण अनशन में आठवें दिन दस लोगों ने 24 घंटे भूख हड़ताल की। आंदोलन के समर्थन में कई राजनीतिक एवं कर्मचारी संगठनों ने हाथ बढ़ाया है।
वक्ताओं ने कहा कि जिलेवासियों को कंधे से कंधा मिलाकर इस आंदोलन को आगे बढ़ाना चाहिए। यह आंदोलन किसी क्षेत्र एवं किसी राजनीतिक दल से संबंधित नहीं है बल्कि इससे जिले का विकास होगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। बीते दिनों हुए आंदोलन को सत्तापक्ष के लोगों ने तीन महीने के समय मांग कर मिल को चालू कराने का वादा किया था। समय बीत गया लेकिन चीनी मिल को चालू कराना तो दूर इस मुद्दे को प्रदेश सरकार के सामने रख नहीं सके। देश में 70 फीसद लोग कृषि पर निर्भर हैं। बावजूद इसके कृषि पर मात्र 1.5 फीसद ही धन खर्च किया जाता है। सुविधा न मिलने और बढ़ती महंगाई के चलते किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है, अगर जिले का विकास करना है और युवाओं को पलायन से बचाना है तो चीनी मिल को हर हाल में चालू कराना है। आंदोलन में भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय, पूर्व बसपा विधायक डा.राजकुमार सिंह गौतम, राजेंद्र यादव, डा.परमानंद सिंह, रामनरेश कुशवाहा, बृजेंद्र राय, रामाश्रय यादव, अमरनाथ सिंह यादव, अवधेश भारती, पूर्व सांसद विश्वनाथ भारती आदि थे। अध्यक्षता डा.केएन सिंह एवं संचालन अमेरिका सिंह यादव ने किया।
इन्होंने दिया समर्थन
किसान सभा के आंदोलन को कृषि भूमि बचाओ मोर्चा, भाजपा, पीडब्ल्यूडी यूनियन, छात्रनेता, दलित सुरक्षा अधिकार मंच के लोगों ने समर्थन किया।

No comments:
Post a Comment